बदायूं
दिनदहाड़े खेत के पास से शाइन बाइक चोरी, लॉक तोड़कर ले उड़े चोर
केशव गुप्ता
उसहैत (बदायूं)। उसहैत नगर में दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खेत के पास कच्चे चकमार्ग पर लॉक कर खड़ी की गई होंडा शाइन एसपी-125 मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर लॉक तोड़कर ले उड़े। पीड़ित ने थाना उसहैत में तहरीर देकर बाइक बरामद करने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 06 निवासी विसारत पुत्र बब्बन सोमवार 3 अगस्त को अपनी काले रंग की वर्ष 2023 मॉडल होंडा शाइन एसपी-125 (UP 24 BB 5818) से उसहैत-कादरचौक मार्ग स्थित अपने खेत पर बाजरे की फसल की निराई करने गए थे। उन्होंने बाइक को खेत के पास कच्चे चकमार्ग पर लॉक कर खड़ा कर दिया और खेत में काम करने लगे।
कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल सका। घटना से परेशान पीड़ित ने थाना उसहैत पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए बाइक बरामद कराने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की।
मामले में उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है तथा आसपास के संभावित साक्ष्यों के आधार पर बाइक की तलाश शुरू कर दी गई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
