8:20 pm Monday , 3 August 2026
BREAKING NEWS

उसहैत विद्युत उपकेंद्र पर गरजे भाकियू (टिकैत) के किसान, 7 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

बदायूं

उसहैत विद्युत उपकेंद्र पर गरजे भाकियू (टिकैत) के किसान, 7 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

केशव गुप्ता

यूरिया की कालाबाजारी, बिजली संकट, खस्ताहाल सड़क और गन्ना फैक्ट्री की मांग सहित कई मुद्दों पर किसानों ने सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
बदायूं/उसहैत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सोमवार को उसहैत विद्युत उपकेंद्र पर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी बदायूं के नाम संबोधित 7 सूत्रीय ज्ञापन थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह एवं विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता रामकिशोर श्रीवास्तव को सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंच रहा है और विभागीय लापरवाही के कारण किसान लगातार परेशान हैं।
किसानों ने ज्ञापन में मांग की कि यूरिया खाद और नकली जिंक की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए। उनका आरोप था कि कुछ लाइसेंसधारक दुकानदार किसान आईडी पर भी यूरिया की बोरी 300 से 400 रुपये तक अधिक कीमत पर बेचकर किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने उसहैत विद्युत उपकेंद्र पर बढ़ते लोड का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि क्षेत्र में ट्यूबवेलों की संख्या बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर लगातार ओवरलोडिंग हो रही है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। किसानों ने कटरा सआदतगंज में नया बिजली घर स्थापित करने की मांग की।
ज्ञापन में खतौनी के हिस्सेफांट की त्रुटियों को ग्राम पंचायत स्तर पर सुधारने, उसहैत को तहसील का दर्जा देने, बदायूं–उसहैत–फर्रुखाबाद रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू करने, उसहैत-बिलामई मार्ग की गुणवत्ता की जांच कर पुनर्निर्माण कराने तथा उसावां और म्याऊं क्षेत्र में गन्ना मिल एवं दुग्ध सहकारी प्लांट स्थापित करने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष रामाशंकर शंखधार और जिला उपाध्यक्ष पूरनलाल गुप्ता ने किया। इस दौरान जिला महासचिव नरेंद्र सक्सेना, ब्लॉक अध्यक्ष श्यामपाल आर्य, जिला प्रभारी झनझना सिंह, जिला युवा अध्यक्ष अमरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठन विस्तार के तहत कई नए सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

विज्ञापन एक्सप्रेस