12:27 pm Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

रामा हॉस्पिटल पर गंभीर आरोपों से मचा बवाल: इलाज में लापरवाही, लाखों की वसूली और मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल होने का दावा

बदायूं

रामा हॉस्पिटल पर गंभीर आरोपों से मचा बवाल: इलाज में लापरवाही, लाखों की वसूली और मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल होने का दावा

केशव गुप्ता

बदायूं। शहर के इंद्र चौक स्थित रामा हॉस्पिटल एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक डॉ. बी.आर. गुप्ता पर इलाज में लापरवाही, कथित अवैध धन वसूली और मारपीट कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
परिजनों के अनुसार, मरीज के उपचार के नाम पर उनसे करीब 6 लाख रुपये खर्च कराए गए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मरीज से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। उनका आरोप है कि जब उन्हें मरीज की वास्तविक स्थिति देखने का अवसर मिला तो उसके सिर में कीड़े पड़ चुके थे, जिसे वे अस्पताल की कथित लापरवाही का परिणाम बता रहे हैं।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और ईंटों व कांच की बोतलों से हमला किया। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ऐसे लोगों को संरक्षण देता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है।
परिजनों का दावा है कि रामा हॉस्पिटल पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है और पूर्व में भी यहां हंगामे जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर को भगवान का रूप माना जाता है, लेकिन यदि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार के बजाय कथित रूप से धन वसूली और दुर्व्यवहार किया जाए तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज या उसके परिजनों को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
नोट: इस समाचार में लगाए गए सभी आरोप परिजनों के दावों पर आधारित हैं। मामले की आधिकारिक जांच और संबंधित पक्ष का बयान आना अभी शेष है।

विज्ञापन एक्सप्रेस