कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदायूं । श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था प्रत्येक शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर भी 11 अगस्त को रात 8 बजे तक विशेष डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रशासन के अनुसार कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी तथा बदायूं के कछला घाट पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बदायूं से बरेली जाने वाले वाहनों को नवादा चौकी से कुंवरगांव, आंवला और गैनी मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि मुरादाबाद, नोएडा और दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें बिसौली, सहसवान और गुन्नौर मार्ग से संचालित होंगी। फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जाने वाले वाहनों के लिए दातागंज और जलालाबाद मार्ग निर्धारित किया गया है। कांवड़ मार्ग पर बदायूं से कछला घाट तक श्रद्धालुओं के अलावा अन्य सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सहसवान, उझानी बाईपास, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा और आंवला-कुंवरगांव चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से निर्धारित रूट का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
