5:53 pm Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

श्रावण मास में बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम: कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं में 3 अगस्त से लागू होगा डायवर्जन प्लान

बदायूं

श्रावण मास में बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम: कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं में 3 अगस्त से लागू होगा डायवर्जन प्लान

केशव गुप्ता

बदायूं, 28 जुलाई। श्रावण मास-2026 में कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए बदायूं पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था जारी कर दी है। कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी तथा बदायूं के कछला गंगा घाट पर उमड़ने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए 3 अगस्त से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
पुलिस के अनुसार प्रथम सोमवार (3 अगस्त), द्वितीय सोमवार (10 अगस्त), महाशिवरात्रि (11 अगस्त), तृतीय सोमवार (17 अगस्त) और चतुर्थ सोमवार (24 अगस्त) के अवसर पर प्रत्येक शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार शाम 8 बजे तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। महाशिवरात्रि पर 11 अगस्त को भी शाम 8 बजे तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।
जारी ट्रैफिक प्लान के तहत फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, संभल, कासगंज, आगरा और अलीगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों एवं गंगा एक्सप्रेस-वे के जरिए उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। वहीं बदायूं से बरेली, दिल्ली, नोएडा, मुरादाबाद, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, एटा, अलीगढ़, आगरा और मथुरा जाने वाली रोडवेज बसों एवं अन्य हल्के वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बदायूं नगर से कछला गंगा घाट तक कांवड़ मार्ग पर कांवड़ वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
डायवर्जन व्यवस्था का संचालन सहसवान, मुजरिया, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, नौशेरा तिराहा, बिल्सी मोड़, एआरटीओ चौराहा, सरदार पटेल चौक, आवला-कुंवरगांव चौराहा, बीआरबी तिराहा, सरदार भगत सिंह चौक, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़, कैशव चौकी, डहरपुर, म्याऊ तिराहा और जालंधरी सराय चौराहा सहित कुल 17 प्रमुख स्थानों पर थाना एवं यातायात पुलिस द्वारा कराया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने की स्थिति में डायवर्जन की तिथि, रूट अथवा व्यवस्था में आवश्यकतानुसार परिवर्तन भी किया जा सकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस