बदायूं
बाजार से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकला, किशोर की दबकर मौत, बुजुर्ग घायल
केशव गुप्ता
बदायूं। उसावा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकल जाने से बड़ा हादसा हो गया। बाजार से खरीदारी कर गांव लौट रहे लोगों से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक किशोर की ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार उसावा कस्बे का बाजार कर ग्राम कलक्टरगंज निवासी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम शंकरपुर के समीप पहुंची, अचानक ट्रॉली का पहिया निकल गया। पहिया निकलते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार दो लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे में नेम सिंह पुत्र वीरपाल निवासी ग्राम कलक्टरगंज की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है। हादसा उसावा थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर के समीप हुआ।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
