बदायूं
नीट अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में सपा का प्रदर्शन, दातागंज तहसील में राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
केशव गुप्ता
दातागंज (बदायूं)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दातागंज तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की।
प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दातागंज को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट अभ्यर्थियों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद ज्ञापन प्रशासन को सौंप दिया गया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
