11:36 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

भैंस बेचकर लौट रहे किसान की जेब काटकर उड़ाए एक लाख रुपये, टेंपो से उतरकर बाइक पर फरार हुए बदमाश

बदायूं

भैंस बेचकर लौट रहे किसान की जेब काटकर उड़ाए एक लाख रुपये, टेंपो से उतरकर बाइक पर फरार हुए बदमाश

केशव गुप्ता

अलापुर पशु बाजार से लौटते समय दिनदहाड़े वारदात, पीड़ित की तहरीर पर उसावां थाने में मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
उसावां (बदायूँ)। जनपद के उसावां थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े जेबकतरों ने एक किसान को निशाना बनाते हुए उसकी जेब से एक लाख रुपये पार कर दिए। किसान अलापुर पशु बाजार में अपनी भैंस बेचकर नकदी लेकर टेंपो से घर लौट रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाहजहाँपुर जनपद के थाना कलान क्षेत्र के गांव बाराकलां निवासी बहोरन सिंह पुत्र रामवीर सिंह ने 18 जुलाई 2026 को अलापुर पशु बाजार में अपनी भैंस एक लाख रुपये में बेची थी। भैंस बेचने के बाद वह नकदी लेकर टेंपो से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, सुबह करीब 11:40 बजे म्याऊं से उसावां की ओर आते समय म्याऊं और मरेरी के बीच टेंपो में सवार अज्ञात जेबकतरों ने ब्लेड से उनकी जेब काटकर उसमें रखे एक लाख रुपये निकाल लिए। मरेरी के पास पहुंचते ही दो संदिग्ध युवक टेंपो से उतर गए और पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल पर बैठकर म्याऊं की दिशा में फरार हो गए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर किसान को शक हुआ।
जब बहोरन सिंह ने अपनी जेब की जांच की तो वह कटी हुई थी और उसमें रखी पूरी रकम गायब थी। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने 19 जुलाई 2026 को थाना उसावां पहुंचकर अज्ञात जेबकतरों के खिलाफ तहरीर देकर रुपये बरामद करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस