शराब के घूंट ने किया रिश्तों का कत्ल : मामा ने भांजे को मारी गोली, बीच-बचाव में बहन भी घायल।
कादरचौक के बख्तपुर में मामूली विवाद बना खून खराबा, आरोपी फरार।
बदांयू 16 जुलाई।
शराब के नशे में हुई मामूली कहासुनी ने एक परिवार को तहस-नहस कर दिया। कादरचौक थाना क्षेत्र के बख्तपुर गांव में बुधवार देर रात मामा ने गुस्से में आकर अपने ही 25 वर्षीय भांजे को गोली मार दी। बीच-बचाव करने पहुंची अपनी सगी बहन को भी गोली से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी तमंचा लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी वीर सिंह बुधवार रात अपने भांजे आकाश (25) के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। नशे में बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में वीर सिंह ने कमरे में रखा तमंचा उठाया और आकाश के पेट में गोली दाग दी। गोली लगते ही आकाश लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आकाश की मां और वीर सिंह की बहन संतोषी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बेटे को बचाने और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने उन पर भी फायर कर दिया। गोली संतोषी के पेट में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग पहुंचे तो आरोपी तमंचा लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कादरचौक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल संतोषी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
एसपी सिटी, सीओ दातागंज और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के कारण हत्या की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। तहरीर मिलने के बाद हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एक ही रात में बेटे की मौत और बहन के घायल होने से पूरे गांव में सन्नाटा है। लोगों का कहना है कि एक पल का गुस्सा और शराब ने दो घर उजाड़ दिए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

