12:09 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

वेतन को तरसे अलापुर नगर पंचायत के 147 कर्मचारी, कार्यालय में प्रदर्शन कर दी हड़ताल की चेतावनी

बदायूं

वेतन को तरसे अलापुर नगर पंचायत के 147 कर्मचारी, कार्यालय में प्रदर्शन कर दी हड़ताल की चेतावनी

केशव गुप्ता

अलापुर। नगर पंचायत अलापुर में कार्यरत 147 कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित वेतन न मिलने से उनके परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है और कई घरों में भुखमरी जैसे हालात बन गए हैं।
सोमवार को नाराज कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय परिसर में एकजुट होकर प्रदर्शन किया और बकाया वेतन का तत्काल भुगतान किए जाने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नियमित रूप से कार्यालय नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उनका कहना है कि कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कर्मचारियों ने बताया कि वे सफाई, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्य लगातार कर रहे हैं, लेकिन वेतन न मिलने से उनका मनोबल टूट चुका है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि परिवार का पालन-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं, खबर लिखे जाने तक नगर पंचायत प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस