बदायूं
आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में ट्यूबवेल मैकेनिक की दर्दनाक मौत, दो युवक गंभीर घायल
केशव गुप्ता
बदायूं। जिले के थाना जरीफनगर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्यूबवेल मैकेनिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव नाचनी निवासी अनिल कुमार पुत्र प्रेमपाल सिंह ट्यूबवेल मैकेनिक का कार्य करते थे। बुधवार को वह किसी का निजी नलकूप ठीक कर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना जरीफनगर क्षेत्र के बजीरपुर कोठा मार्ग पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए बाहर के अस्पताल ले गए।
बताया गया है कि मृतक अनिल कुमार की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना पर जरीफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

