2:41 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

ज़मीन के लालच में भांजे और बहन की हत्या करने वाला ₹25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

बदायूं

ज़मीन के लालच में भांजे और बहन की हत्या करने वाला ₹25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

केशव गुप्ता

बदायूँ। थाना कादरचौक क्षेत्र के चर्चित दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को कादरचौक पुलिस ने मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना कादरचौक पुलिस ने ग्राम बखतपुर निवासी वीर सिंह (45 वर्ष) को भदरौल तिराहे के पास जंगल से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (UP24X6013) बरामद की गई।
यह मामला 15 जुलाई 2026 की रात ग्राम बखतपुर का है, जहां आरोपी वीर सिंह ने जमीन के विवाद में अपने सगे भांजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पीछा करने पर अपनी सगी बहन संतोष देवी को भी गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल संतोष देवी की 17 जुलाई को इलाज के दौरान सैफई मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद आरोपी फरार था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब साढ़े तीन वर्ष पहले खरीदी गई जमीन को बेचने के दौरान भांजे और बहन द्वारा आधे पैसे की मांग किए जाने से वह नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने पहले भांजे और फिर अपनी बहन को गोली मार दी थी।
मंगलवार को पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी आकाश चौहान के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.