दातागंज। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को दातागंज तहसील में विरोध-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विनोद कुमार सिंह को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह यादव के नेतृत्व में तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अवनीश यादव की मौजूदगी में सपा के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों से जुड़े प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे एवं उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई, छात्रों की न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका समाधान करने, भविष्य में छात्रों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्तीकरण संबंधी प्रशासनिक निर्णय वापस लेने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अवनीश यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र, नौजवान, किसान, मजदूर, व्यापारी और गरीब जनता विभिन्न समस्याओं से परेशान है। उनका दावा था कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेमपाल सिंह यादव, अवनीश यादव, सुरेंद्र पाल सिंह फौजी, नरोत्तम कश्यप, एम. फिरोज, मंगली, बलवीर यादव, मुन्ने अंसारी, शाहिद सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
