7:47 pm Sunday , 26 July 2026
BREAKING NEWS

बदांयू में गिरफ्तारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा का सिर फूटा।

हजरतपुर में सरकारी काम में बाधा, 7 नामजद पर केस।

बदांयू 26 जुलाई।

जानलेवा हमले के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर परिजनों ने हमला कर दिया। हमले में दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

घटना शनिवार को हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव दियौचरी की है। जून माह में दर्ज जान से मारने के प्रयास के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक नवरतन सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे थे।

आरोप है कि इस दौरान आरोपियों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया।

हमले में दरोगा नवरतन सिंह का सिर फूट गया और खून बहने लगा। आरोपियों ने पुलिस द्वारा दिया गया नोटिस भी फाड़ दिया और टीम को जान से मारने की धमकी दी।

किसी तरह पुलिस टीम मौके से निकली और घायल दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने अजय पाल, धर्मपाल, अवनीश, रजनेश, हरपाल, शिवनीश और बंटू के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस