हरेंद्र आर्य बने आर्य वीर दल के जिला संचालक, श्रीमती अलका आर्य को मिली आर्य वीरांगना दल की जिम्मेदारी
बदायूं। नगर स्थित ओम स्वरूप लॉन के प्रांगण में आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जनपद के आर्य समाजियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के उपप्रधान पंकज आर्य ने संगठन की गतिविधियों एवं समाज में आर्य विचारधारा के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
बैठक के दौरान योगाचार्य हरेंद्र आर्य को आर्य वीर दल का जिला संचालक तथा श्रीमती अलका आर्य को आर्य वीरांगना दल की जिला संचालक नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई।
नियुक्ति के बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों नव-नियुक्त जिला संचालकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। हरेंद्र आर्य एवं श्रीमती अलका आर्य ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करते हुए आर्य समाज के सिद्धांतों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा युवाओं एवं महिलाओं को संगठन से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
