बदायूं में न्याय की मांग को लेकर धरना 23वें दिन भी जारी, प्रशासन पर उदासीनता का आरोप
बदायूं।
डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, जिला चिकित्सालय के निकट पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले अपनी वैधानिक मांगों को लेकर पीड़ित परिवारों का धरना बुधवार को 23वें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे परिवारों ने प्रशासन पर न्याय दिलाने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
धरने के समर्थन में पहुंचे मंडल अध्यक्ष (बरेली) डॉ. हरिनंदन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व और शिक्षा विभागों में भ्रष्टाचार गंभीर रूप से व्याप्त है। उनका आरोप था कि आम नागरिक थानों में शिकायत दर्ज कराने से भी डरने लगा है और जनता को अपेक्षित न्याय नहीं मिल रहा।
जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने किसानों को सरकारी मूल्य पर खाद उपलब्ध न होने और सरकारी अस्पतालों में समुचित इलाज न मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मजबूरी में निजी अस्पताल जाने वाले गरीब मरीज आर्थिक और मानसिक शोषण का शिकार हो रहे हैं।
मंडल उपाध्यक्ष प्रेम साहू ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों की स्थिति चिंताजनक है, जबकि निजी स्कूलों की बढ़ती फीस, किताबों और ड्रेस की लागत गरीब परिवारों की पहुंच से बाहर हो गई है।
धरने का नेतृत्व कर रहे किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रोहिताश सिंह पटेल ने विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता को न्याय पाने के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
वहीं जिला उपाध्यक्ष ऋषि नंदन शर्मा ने कहा कि धरने को 23 दिन बीत जाने के बावजूद न तो कथित भू-माफियाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इससे प्रतीत होता है कि प्रशासन पीड़ितों को न्याय दिलाने के प्रति गंभीर नहीं है।
धरने में बनवारी सिंह यादव, रामबेटी, डॉ. जुल्फिकार अली, विनोद साहू, वीरेंद्र सिंह, नरदेव यादव, मानसिंह गौतम सहित पीड़ित परिवारों के सदस्य कुसुमलता, चंद्रवती, किसवरी, स्नेहलता, दिलावर हुसैन और विनेश सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com