6:02 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी का बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग संपन्न

बदायूं। विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में एक दिवसीय बाल संस्कार केंद्र अभ्यास वर्ग का आयोजन हरीश चंद्रवंशीय समाज सेवा सदन (रस्तोगी धर्मशाला), बदायूं में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कासगंज एवं मथुरा से पधारीं मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

इस अवसर पर डॉ. प्रतिभा गुप्ता (नोटरी अधिवक्ता), जिला संयोजिका मातृशक्ति, बदायूं एवं सुश्री सुनीता मिश्रा ने मुख्य अतिथियों कृष्णा दीदी, शिवानी दीदी, विश्व हिंदू परिषद बदायूं की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती महेशा सिंह तथा विभाग संयोजिका श्रीमती किरण जी का तिलक, अंगवस्त्र (पटका) एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

मुख्य वक्ता कृष्णा दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को बचपन से ही श्रेष्ठ संस्कार देना प्रत्येक परिवार का प्रथम दायित्व है। संस्कारित बालक ही भविष्य में सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने मातृशक्ति से बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वहीं शिवानी दीदी ने बच्चों एवं माताओं को मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि अध्ययन के लिए पुस्तकों का अधिक उपयोग बच्चों के ज्ञान को व्यापक बनाता है तथा परिवार में संवाद और संस्कार दोनों को मजबूत करता है।

कार्यक्रम में श्रीमती महेशा सिंह ने ज्ञानवर्धक कहानियों एवं खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से बच्चों का मार्गदर्शन किया, जबकि श्रीमती किरण जी ने विभिन्न प्रेरक एवं मनोरंजक खेलों का संचालन कराया।

अभ्यास वर्ग में 30 मातृशक्ति एवं 20 दुर्गा वाहिनी की बहनों ने सहभागिता की। प्रमुख रूप से पूर्णिमा सक्सेना, राजकुमारी गुप्ता, रेनू गुप्ता, एकता सक्सेना, सुमनलता गुप्ता, अंजू त्रिपाठी, पूनम वैश्य, शीतेष गुप्ता, प्रिया सोलंकी, नीलू, सुषमा एवं वीनू सहित अनेक बहनें उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, जिला सह मंत्री राजेश बाबू, जिला उपाध्यक्ष डी.एन. शर्मा तथा सह सेवा प्रमुख राजेश सपड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री सुनीता मिश्रा दीदी एवं श्रीमती श्रद्धा मिश्रा दीदी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में मुख्य अतिथि कृष्णा दीदी एवं शिवानी दीदी ने सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए समाज में संस्कारयुक्त पीढ़ी के निर्माण के लिए ऐसे कार्यक्रमों की निरंतर आवश्यकता पर बल दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.