8:21 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

स्कूलों में भ्रष्टाचार के विरोध में भाकियू (चढ़ूनी) का धरना, बीएसए व सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

स्कूलों में भ्रष्टाचार के विरोध में भाकियू (चढ़ूनी) का धरना, बीएसए व सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन


बदायूं, 23 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने मालवीय आवास गृह पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर जनपद की शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरने के बाद संगठन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) एवं सिटी मजिस्ट्रेट को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की।

पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने आरोप लगाया कि जनपद में बड़ी संख्या में बिना मान्यता के स्कूल संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है, जबकि निजी स्कूलों में हर वर्ष प्रवेश शुल्क, किताबें, ड्रेस, ट्यूशन, बिल्डिंग शुल्क और अन्य मदों में अभिभावकों से मनमाने तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है।

भाकियू (चढ़ूनी) ने मांग की कि सभी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू की जाएं और निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। संगठन के पदाधिकारियों ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान इस्लामनगर ब्लॉक में तैनात सहायक अध्यापक लोकेश कुमार के मामले को भी उठाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि मिड-डे मील (MDM) संचालन के बावजूद लगभग 4.88 लाख रुपये की लागत का भुगतान नहीं किया गया। साथ ही एमडीएम एवं एसएमसी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर संबंधित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

भाकियू नेताओं ने कहा कि यदि शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

धरना-प्रदर्शन में यारवेंद्र यादव, अमनदीप, सोनू यादव, विवेक कुमार, अंकुर सिद्धू, पीतम सिंह, अरशद खान, इरशाद खान, अनवर, शराफत खान, महेंद्र पाल, नूरुद्दीन, सर्वेश, शरीफ अब्बासी, भगवानदास सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस