5:26 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी प्रशासन ने 200 मीटर चक मार्ग को अवैध कब्जे से कराया मुक्त

बिल्सी बदांयू 23 जुलाई।

बदायूं के बिल्सी तहसील प्रशासन ने सिरतोल गांव में करीब 200 मीटर लंबे चक मार्ग को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया। करणपुर निवासी आलोक यादव और उनकी माता की शिकायत पर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में राजस्व टीम का गठन किया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चक मार्ग पर अवैध कब्जे के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नायब तहसीलदार बदन सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

टीम ने पहले चक मार्ग की पैमाइश कराई और इसके बाद लगभग 200 मीटर लंबे रास्ते से अतिक्रमण हटवाकर उसे कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा चक मार्ग पर कब्जा करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान चकबंदी लेखपाल सचिन, तहसील टीम के विनोद यादव, ग्राम प्रधान सूरजपाल, पुलिस बल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

लंबे समय से रास्ता बंद होने से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे राहत भरा कदम बताया।

विज्ञापन एक्सप्रेस