धरने का 24वां दिन: पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी, प्रशासन पर गंभीर आरोप
बदायूं। जिला चिकित्सालय के निकट डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले अपनी वैधानिक मांगों को लेकर पीड़ित परिवारों का धरना 24वें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे परिवारों ने न्याय की मांग दोहराते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए बरेली मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिनंदन सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बचाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मंच के पास पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पर्याप्त दस्तावेजी साक्ष्य मौजूद हैं और दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंडल उपाध्यक्ष प्रेम साहू ने कहा कि भ्रष्टाचार व्यवस्था में गहराई तक समा चुका है, जबकि नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर ने आरोप लगाया कि गरीबों को बिना रिश्वत न्याय मिलना मुश्किल हो गया है।
धरने का नेतृत्व कर रहे किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रोहिताश सिंह पटेल ने कहा कि न्यायपालिका, पुलिस, राजस्व, शिक्षा एवं विकास विभाग सहित कई विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। वहीं जिला उपाध्यक्ष ऋषि नंदन शर्मा ने कहा कि धरना लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक न तो भू-माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।
धरने में विनोद साहू, राजू कश्यप, वीरेंद्र सिंह, राजू मौर्य सहित मंच के पदाधिकारी एवं पीड़ित परिवारों के सदस्य कुसुमलता, चंद्रवती, किसवरी, स्नेहलता, दिलावर हुसैन और विनेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
