11:11 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

संविलित विद्यालय सादुल्लापुर भितारा में ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान-2’ का आयोजन

बदायूं। विकासखंड सालारपुर के संविलित विद्यालय सादुल्लापुर भितारा में ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान-2’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता रहे। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नवीन कुमार अति विशिष्ट अतिथि तथा खंड शिक्षा अधिकारी सालारपुर सुनील कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी उझानी प्रशांत कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों का हस्तनिर्मित बैज एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव पर आधारित लघु नाटिका का प्रभावशाली मंचन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।

इस अवसर पर बीएसए नवीन कुमार एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने स्कूल चलो अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से सरकारी विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण लगातार बेहतर हो रहा है और अभिभावकों को अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकारी विद्यालयों में भेजना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो अभियान रैली को गांव के लिए रवाना किया। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में बीएसए नवीन कुमार के साथ वृक्षारोपण भी किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, सह जिला संयोजक एवं ब्लॉक सालारपुर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, एआरपी शुभम वशिष्ठ, ब्लॉक पदाधिकारी युयुत्स जयंत, निशांत शर्मा, आयुषी पाराशरी, प्रशांत वर्मा, ग्राम प्रधान अशोक, एसएमसी अध्यक्ष, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार की ओर से रिंकी हरवंश, मंजू रानी, अंशु भाटी, जयवीर सिंह, नेहा, रुचि शर्मा, निशा सिंह, कुसुम, मीना एवं आर्येंद्र सहित समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन आयुषी पाराशरी ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, बदायूं के जिला सह संयोजक प्रदीप गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.