3:18 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं पिकअप की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे, बुआ-भतीजे की मौके पर मौत, मासूम अस्पताल में भर्ती।


बदायूं 19 जुलाई ।

रविवार सुबह वजीरगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पिकअप की जोरदार टक्कर से बाइक चकनाचूर हो गई और उस पर सवार बुआ-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठी एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसा सुबह करीब 11 बजे वजीरगंज थाना क्षेत्र के बरीपुरा गांव के पेट्रोल पंप के पास हुआ।
गांव बरीपुरा निवासी सत्यम पुत्र शिवराज सिंह उम्र 23 वर्ष अपनी बुआ माहेश्वरी देवी उम्र 55 वर्ष और एक बच्ची के साथ बाइक से आंवला जा रहे थे। माहेश्वरी देवी मुरादाबाद की रहने वाली थीं और मायके बरीपुरा आई हुई थीं।

इसी दौरान मनौना धाम की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सत्यम और माहेश्वरी देवी उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार बच्ची घायल हो गई।

हादसे के बाद पिकअप चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। बगरैन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बच्ची को पहले सैदपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दो मौतों की खबर से बरीपुरा और मुरादाबाद दोनों जगह कोहराम मच गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस