भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं पर जोर, समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय आह्वान पर शुक्रवार को मालवीय आवास गृह परिसर में मासिक किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामचंद्र यादव एवं संचालन युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट रामलखन यादव के नेतृत्व में हुआ। बैठक में किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान की मांग उठाई गई।
किसानों ने आरोप लगाया कि जनपद की सभी तहसीलों में खतौनी में किसानों के नाम एवं हिस्सेदारी (अंश) गलत दर्ज कर दी गई है, जिससे उन्हें राजस्व संबंधी कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि प्रत्येक तहसील के प्रत्येक गांव में विशेष शिविर लगाकर खतौनियों में दर्ज त्रुटियों को तत्काल ठीक कराया जाए।
पंचायत में किसानों ने पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा बताया गया कि जनपद में मक्का खरीद के लिए सात क्रय केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी केंद्र पर किसानों की फसल की खरीद शुरू नहीं की गई है, जिससे किसानों में नाराजगी है।
बैठक में वजीरगंज ब्लॉक के ग्राम पेंपल में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया। किसानों का कहना था कि चकबंदी कर्मियों द्वारा आर्थिक साठगांठ कर गलत तरीके से पैमाइश की जा रही है, जिससे किसानों का शोषण हो रहा है।
इसके अलावा इस्लामनगर ब्लॉक के ग्राम कुन्दनपुर में सीसी रोड की नाली बंद होने की समस्या भी उठाई गई। किसानों ने बताया कि गांव निवासी द्वारा नाली बंद कर दिए जाने से जल निकासी बाधित हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत के बाद किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मजिस्ट्रेट बदायूं को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट रामलखन यादव ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित विभागों द्वारा किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी, जो समस्याओं के समाधान तक जारी रहेगा।
पंचायत में मंडल उपाध्यक्ष सेठ सिंह, भागमल सिंह, जिला उपाध्यक्ष वीर सिंह, श्याम बाबू, तहसील अध्यक्ष राजेश, ब्लॉक अध्यक्ष देवराज सिंह, नगर अध्यक्ष गुड्डू खान, ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह, वीरेंद्र सागर, प्रमोद ठाकुर, महीपाल दिवाकर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

