।


युवाओं ने लिया बुराई त्यागने का संकल्प, दीपों से जगमगाया तिगोड़ा का मां दुर्गा मंदिर।
उझानी-बदांयू 15 जुलाई।
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश रथ यात्रा मंगलवार को ग्राम तिगोड़ा स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ का भव्य स्वागत किया।
24 सौ तीर्थों के जल-रज से युक्त शक्ति कलश और 100 वर्षों से अखंड प्रज्ज्वलित दीप के दर्शन कर मातृशक्तियों एवं देवकन्याओं ने पूजन किया। शाम को मंदिर परिसर में विराट दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। सुंदर रंगोली के बीच ओम और स्वास्तिक के आकार में सजे हजारों दीपकों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
इस अवसर पर युवाओं ने समाज से एक बुराई का त्याग कर अच्छाई ग्रहण करने का सामूहिक संकल्प लिया।
गायत्री शक्तिपीठ से पधारे नत्थूलाल शर्मा ने कहा कि सुसंस्कारों और सत्पुरुषार्थ से ही मनुष्य में देवत्व का प्राकट्य होता है। जीवन की वास्तविक विभूति धन-संपदा नहीं, बल्कि लोकमंगल के लिए समर्पित सत्कर्म और उज्ज्वल चरित्र है। उन्होंने सेवा, साधना और सदाचार से जीवन को आदर्श बनाने पर बल दिया।
गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चों को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि संस्कारवान, तेजस्वी, ओजस्वी एवं राष्ट्रनिष्ठ बनाना जरूरी है। यही बच्चे आदर्श नागरिक बनकर देवसंस्कृति के पुनर्जागरण का आधार बनेंगे।
वरिष्ठ ट्रस्टी सुखपाल शर्मा और डॉ. सोहनपाल ने वेद मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया। मुख्य यजमान मुलायम सिंह एवं पत्नी मुनीशा देवी ने शक्ति कलश का पूजन किया। मोरम सिंह-पत्नी गुड्डू देवी ने गुरु पूजन तथा ओमवीर-लक्ष्मी और नबाव सिंह-मीरा ने वेदमाता गायत्री का पूजन किया।
मातृशक्तियों और देवकन्याओं ने “हम बदलेंगे-युग बदलेगा” के जयघोष के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। भव्य आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।
इस अवसर पर उदयपाल सिंह, महाराज सिंह, सौरभ चौहान, शिवानी, रश्मि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

