11:08 pm Friday , 17 July 2026
BREAKING NEWS

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

परिषदीय शिक्षकों की समस्याओं को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

बदायूं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद बदायूं ने परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बदायूं को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शिक्षकों के वेतन, चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, उपार्जित अवकाश, कैशलेस चिकित्सा योजना सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि 29334 उच्च प्राथमिक विद्यालय विज्ञान/गणित शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्त शिक्षकों के प्रमाण-पत्र सत्यापन पूर्ण होने के बावजूद चार माह बीत जाने के बाद भी वेतन भुगतान के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इससे संबंधित शिक्षकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने जुलाई 2026 के वेतन के साथ लंबित वेतन जारी कराने की मांग की।

शिक्षक संघ ने चयन वेतनमान की ऑनलाइन प्रक्रिया में हो रही अनावश्यक देरी पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि समय पर स्वीकृति आदेश उपलब्ध न होने के कारण एरियर भुगतान और वेतन निर्धारण में परेशानी होती है। संबंधित पटल सहायकों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई।

संगठन ने प्रोन्नत वेतनमान की लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने, जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य में लगे शिक्षकों को शासनादेश के अनुसार उपार्जित अवकाश देने तथा मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई मामलों में शिक्षकों द्वारा लिए गए चिकित्सा अवकाश (एमएल), आकस्मिक अवकाश (सीएल) एवं अर्जित अवकाश (ईएल) को खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा निरस्त कर दिया जाता है। संगठन ने इन अवकाशों को नियमानुसार स्वीकृत करने के निर्देश जारी करने की मांग की।

इसके अलावा विभिन्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों के किए गए संबद्धीकरण समाप्त करने तथा वरिष्ठता एवं वेतन विसंगतियों को दूर करने की भी मांग ज्ञापन में शामिल रही।

शिक्षक संघ ने बीएसए से सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रेमानंद, जिला महामंत्री फरहत हुसैन, जिला कोषाध्यक्ष भुवनेश गोविल, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद जुबैर अहमद, जिला संयुक्त मंत्री मोहम्मद विकारुद्दीन, जिला लेखाकार मोहम्मद आबिद, जिला उपाध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विवेक जैन (इस्लामनगर) सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस