बदायूं
31 जुलाई तक करें आवेदन, 28 नवंबर को होगी नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027
केशव गुप्ता
बदायूं। जवाहर नवोदय विद्यालय, सीकरी (बदायूं) में शैक्षिक सत्र 2027-28 की कक्षा-6 में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। विद्यालय के प्राचार्य भगत सिंह ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 31 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर, 2026 को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के निर्देशानुसार आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राएं इस अवसर का लाभ उठा सकें। बदायूं जनपद के लिए 4,485 आवेदन पत्रों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें, जिससे किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी से बचा जा सके। आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जा सकती है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

