खराब जलनिकासी से त्रस्त हुआ कुडाशाहपुर गांव, सड़क पर 24 घंटे बह रहा गंदा पानी।
आवागमन हुआ बाधित, ग्रामीणों ने जिम्मेदारों से नाला निर्माण की मांग की।
उझानी-बदांयू 16 जुलाई।
विकास खंड कादरचौक के कुडाशाहपुर गांव में विभागीय लापरवाही के चलते जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। गांव में नाला है और नाली, जिसकी वजह से घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे निर्माण विभाग ने कोई नाला नहीं बनवाया है। परिणामस्वरूप 24 घंटे सड़क पर गंदा पानी बहने से आवागमन पूरी तरह चौपट हो गया है। वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जलभराव से बचने के लिए सड़क की पटरी पर खुद ही चबूतरे बना लिए हैं। अब यही चबूतरे नाला निर्माण में सबसे बड़ी बाधा बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग या ग्राम पंचायत सड़क किनारे नाला बनवाती है तो कई मकानों और चबूतरों को तोड़ना पड़ेगा।
कांग्रेस के कादरचौक ब्लाक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह यादव ने बताया कि विभाग की लापरवाही से सड़क मार्ग की हालत नाजुक हो गई है। उन्होंने मांग की कि सिर्फ 500 मीटर नाला बना दिया जाए तो गांव का सारा पानी पास के तालाब तक पहुंच जाएगा और समस्या का समाधान हो जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाला निर्माण कराकर राहत दिलाने की मांग की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

