।


उझानी, बदायूं। 18 जुलाई।
शहर की सबसे व्यस्त स्टेशन रोड आज लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जल निगम ने पाइप लाइन डालने के बाद सड़क पर सिर्फ मिट्टी डलवाकर हाथ खड़े कर दिए। न समतलीकरण हुआ, न डामरीकरण। अब दिनभर धूल के गुबार और रात में गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं।
पाइप लाइन डालने के बाद सड़क पर डाली गई मिट्टी को न दबाया गया, न हटाया गया। वाहनों के निकलते ही धूल का गुबार उठता है। राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। दुकानों में रखा सामान पल भर में मिट्टी से सन जाता है।
स्टेशन रोड पर दुकान चलाने वाले राजू का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा, सुबह से शाम तक काउंटर पर मिट्टी की परत जम जाती है। ग्राहक सामान देखकर ही लौट जाते हैं। जल निगम ने विकास के नाम पर हमारा रोजगार चौपट कर दिया।
खोदी गई सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। ऊंचे-नीचे गड्ढों के कारण अब तक कई बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। शाम को अंधेरा होते ही गड्ढे दिखाई नहीं देते और हादसे तय हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा होना तय है।
लोगों का आरोप है कि जल निगम मनमानी करके निकल जाता है और नगर पालिका इसकी समीक्षा तक नहीं करती। पाइप लाइन के चक्कर में पूरे शहर की सड़कें इसी हाल में हैं।
नगर वासियों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका से मांग की है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो और स्टेशन रोड सहित शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
— राजेश वार्ष्णेय, एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

