6:35 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने 1684 बच्चों को दी सहायता, संकटग्रस्त बच्चों के लिए बनी सहारा

बदायूं। महिला कल्याण विभाग, बदायूं के अंतर्गत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने जनपद के 1684 बालक-बालिकाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सहायता प्रदान कर उन्हें सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास से जोड़ने का कार्य किया है।

चाइल्ड हेल्पलाइन मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित एक 24×7 राष्ट्रीय टोल फ्री आपातकालीन सेवा है, जो संकटग्रस्त बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराती है। प्रदेश स्तर पर इसका कंट्रोल रूम स्थापित है, जबकि जनपद बदायूं में जिला बाल संरक्षण इकाई के अंतर्गत महिला चिकित्सालय में चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट संचालित की जा रही है।

चाइल्ड हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य ऐसे बच्चों तक तत्काल पहुंच बनाना है, जो किसी भी प्रकार के संकट, शोषण, उपेक्षा, हिंसा या असुरक्षित परिस्थितियों का सामना कर रहे हों। हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों को पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा, अस्थायी आश्रय, कानूनी सहायता, भावनात्मक सहयोग एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ा जाता है।

विभाग के अनुसार, यह सेवा बच्चों के पुनर्वास, परिवार में पुनर्समेकन और सामाजिक पुनर्स्थापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। किसी भी आवश्यकता या संकट की स्थिति में बच्चे अथवा उनके परिजन टोल फ्री नंबर 1098 पर चौबीसों घंटे संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस