पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की उठाई मांग
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव घंघौसी का मजरा रूदैना में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जलभराव से एक मकान की करीब 100 फुट लंबी पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजा दिलाने और गांव में स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।
गांव निवासी प्रवेंद्र यादव पुत्र हरनाम सिंह ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर प्रशासन को लिखित शिकायत दी। उनका कहना है कि लगातार बारिश के कारण उनके घर के बाड़े और परिसर में पानी भर गया, जिससे दीवार की नींव कमजोर हो गई और पूरी दीवार ढह गई।
प्रवेंद्र का आरोप है कि गांव में जल निकासी के लिए पहले नाला बना हुआ था, लेकिन उसे बंद कर दिया गया। इसके बाद बारिश का पानी निकलने का रास्ता नहीं बचा और पूरे गांव का पानी उनके घर की ओर जमा हो गया। इसी जलभराव के कारण दीवार गिरने की घटना हुई। उनका कहना है कि यदि नाला बंद नहीं किया जाता तो यह नुकसान टाला जा सकता था।
पीड़ित ने तहसील प्रशासन से बंद पड़े नाले के स्थान पर स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने, क्षति का सर्वे कराने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर, तहसीलदार प्रभा सिंह ने बताया कि दीवार गिरने का मामला उनके सामने आया है, शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com