बिल्सी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा ने सुनीं जनसमस्याएं, निष्पक्ष निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
केशव गुप्ता
जनता की शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को बिल्सी तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, समयबद्ध एवं न्यायोचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। डीएम एवं एसएसपी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। वहीं एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ तत्काल निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती गामिनी सिंगला, उपजिलाधिकारी बिल्सी श्री राजेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बिल्सी श्री आलोक सिद्धू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

