पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया
बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिण्डौल में ईको क्लब की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, ग्राम प्रधान एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिसका शुभारंभ ग्राम प्रधान मुजाहिद खान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मवीर तथा ईको क्लब के पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
प्रभारी प्रधानाध्यापक सौरभ श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिलेगी।
सहायक अध्यापक रामप्रताप सिंह ने ईको क्लब की गतिविधियों, उसके उद्देश्य तथा पौधों से होने वाले पर्यावरणीय, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर अजय सक्सेना, रीना, अनिल शर्मा, कुलदीर, मोहित शर्मा, नीरेश शर्मा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

