4:19 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में कावड़ यात्रा से पहले सख्ती- तीन दिन की मोहलत नहीं हटा अतिक्रमण तो 26 को होगा फाइन, जब्ती

उझानी में कावड़ यात्रा से पहले सख्ती-
तीन दिन की मोहलत नहीं हटा अतिक्रमण तो 26 को होगा फाइन, जब्ती।

उझानी-बदांयू 23 जुलाई।

कावड़ यात्रा शुरू होने से पहले नगर पालिका ने अतिक्रमणकारियों को सीधी चेतावनी दे दी है। तीन दिन के अंदर मेन मार्केट और प्रमुख सड़कें खाली करो, वरना 26 जुलाई को अभियान चलाकर सामान जब्त कर लिया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।

बृहस्पतिवार को अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी के नेतृत्व में पालिका टीम ने शहर के सबसे भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। घंटाघर चौराहे से बदायूं रोड, सब्जी मंडी परिसर, कछला रोड बाजार और सहसवान तिराहा तक सड़कों के दोनों ओर दुकानों के बाहर स्थायी और अस्थायी कब्जे मिले। कई दुकानदारों ने प्रतिष्ठान के सामने खाली जगह पर फड़ लगवा रखी हैं। मिर्च-मसाले से लेकर ठेला-खोमचे तक हर जगह से अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आईं।

ईओ सैनी ने मौके पर ही दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए। कहा, तीन दिन में स्वयं अतिक्रमण हटा लें। तय समय के बाद पालिका का अमला पीडब्ल्यूडी की भूमि को कब्जा मुक्त कराएगा। अभियान के दौरान सड़क पर मिला सामान जब्त होगा और नियमानुसार अर्थदंड लगाया जाएगा।

पालिका की इस चेतावनी के बाद गुरुवार को मेन मार्केट में हड़कंप रहा। दुकानदार सामान समेटते दिखे, तो कई फड़ संचालक जगह बदलने की जुगत में जुटे।


अधिकारियों का कहना है कि कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। जाम और हादसे रोकने के लिए सड़कें अतिक्रमण मुक्त करना जरूरी है। इस बार कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

अब देखना यह है कि तीन दिन की मोहलत के बाद अतिक्रमणकारी खुद रास्ता छोड़ते हैं या फिर 26 को पालिका को बुलडोजर चलाना पड़ता है।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस