1:28 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी-कासगंज हाईवे पर रोज गिर रहे लोग, कांवड़ यात्रा से पहले भी प्रशासन को नहीं दिख रहा गड्ढों का ‘समुंदर’

उझानी, बदायूं 21 जुलाई ।

उझानी-कासगंज राजमार्ग पर सफर करना अब खतरे से खाली नहीं रहा। टीवीएस मोटरसाइकिल शोरूम के सामने सड़क पर बने गहरे-गहरे गड्ढे हर रोज किसी न किसी को गिराकर चोटिल कर रहे हैं। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने से पूरी सड़क तालाब बन गई है। गहराई का अंदाजा न लगने से बाइक, ई-रिक्शा और साइकिल सवार पल-पल गिर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि करोड़ों का राजस्व देने वाला ये व्यस्त मार्ग लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का जीता-जागता सबूत बन गया है। विभाग और प्रशासन दोनों आंख बंद करके बैठे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पानी से ढके इन जानलेवा गड्ढों की वजह से रोजाना 4-5 बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, महिलाओं और ई-रिक्शा चालकों को हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार मौन हैं।

30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। हजारों कांवड़िए इसी हाईवे से गुजरेंगे। अगर गड्ढों में भरे कीचड़ और गंदे पानी के छींटे शिवभक्तों की कांवड़ पर पड़े तो हालात बिगड़ना तय हैं।
क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते इन गड्ढों को नहीं भरा गया तो कांवड़ियों के आक्रोश का जिम्मेदार कौन होगा?

जनता की मांग है कि जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी तुरंत संज्ञान लेकर टीवीएस शोरूम के सामने सड़क को गड्ढा मुक्त कराए, वरना कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा बवाल होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.