6:48 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में रिमझिम ने दी उमस से राहत, किसानों के चेहरे खिले धान की फसल को मिली संजीवनी।

बदायूं

बदायूं में रिमझिम ने दी उमस से राहत, किसानों के चेहरे खिले धान की फसल को मिली संजीवनी।

बदांयू 19 जुलाई ।

रविवार सुबह करीब 5 बजे बदायूं जिले में हुई हल्की बूंदाबांदी ने जिले का मौसम एकदम बदल दिया। कई दिनों से उमस और तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस रिमझिम बारिश ने बड़ी राहत दी।

सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। रुक-रुककर हुई बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई और ठंडी हवा चलने लगी। लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली इस हवा ने गर्मी को जड़ से उखाड़ फेंका। धूप की तीव्रता कम रहने से दिनभर लोगों को उमस से राहत मिली।

यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। जिले में इन दिनों धान की रोपाई अंतिम चरण में है। रोपाई के बाद सिंचाई की चिंता सता रही थी, लेकिन इस बारिश ने किसानों की समस्या काफी हद तक हल कर दी।

खेतों में नमी बढ़ने से फसल की शुरुआती बढ़वार के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। किसानों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक इसी तरह हल्की बारिश होती रही तो फसल को अच्छा लाभ मिलेगा और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम हो जाएगा।

हालांकि बारिश का एक दूसरा पहलू भी सामने आया। हल्की बूंदाबांदी के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कों पर फिसलन बढ़ गई। सुबह के समय बाइक और स्कूटी चालकों को सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। कई जगह वाहनों की गति धीमी रही।

राहत की बात यह रही कि बारिश तेज न होने के कारण शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बनी और सड़क यातायात सामान्य बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में बादलों की आवाजाही बनी रहने और रुक-रुककर हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान सामान्य के आसपास या उससे नीचे बना रह सकता है।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह मौसम खरीफ फसलों, विशेषकर धान की फसल के लिए बेहद लाभदायक है।

विज्ञापन एक्सप्रेस