11:09 pm Friday , 17 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में ज्योति कलश रथ यात्रा का हुआ भव्य स्वागत, दीपयज्ञ में लिया संकल्प

उझानी-बदांयू 17 जुलाई।

अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश रथ यात्रा का मुहल्ला श्रीनारायणगंज स्थित सुखपाल शर्मा के आवास पर श्रद्धा और उल्लास के साथ स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का अभिनंदन किया।

परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर 2400 तीर्थों के जल एवं रज से युक्त शक्ति कलश तथा सौ वर्षों से प्रज्ज्वलित अखंड दीप के दर्शन-पूजन कर मातृशक्तियों और देवकन्याओं ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। शाम को विराट दीपयज्ञ का आयोजन हुआ। तीन कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने एक बुराई का त्याग कर एक अच्छाई अपनाने का संकल्प लिया।

गायत्री शक्तिपीठ के नत्थूलाल शर्मा ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण है। उन्होंने जीवन में स्वार्थ, आलस्य और बुराइयों को त्यागकर बच्चों को सद्गुणों से सींचने पर बल दिया।

गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि आज बच्चों को मोबाइल की जगह संस्कारों से जोड़ा जाए। उन्हें करुणा, सेवा, श्रम और सदाचार का पाठ पढ़ाया जाए। परिश्रम ही सफलता का मूलमंत्र है।

पूजन वरिष्ठ ट्रस्टी सुखपाल शर्मा और डा. सोहनपाल ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया। मुख्य यजमान भुवनेश शर्मा ने गुरु पूजन किया। शक्ति कलश पूजन डा. सोहनपाल तथा अखंड दीप का पूजन आर्येंद्र सिंह, ध्रुव यादव, रामनिवास शर्मा और राम प्रसाद सौरभ ने किया। रथ चालक राकेश कुमार सिंह ने प्रज्ञा गीत सुनाए।

इस अवसर पर ममता शर्मा, कमला देवी, साधना सोलंकी, धीरेंद्र सोलंकी, मोना यादव, राजेश मिश्रा, उमाशंकर शर्मा, मृत्युंजय शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस