छात्र संसद शपथ- समारोह में गूंजे संस्कार और नेतृत्व के संकल्प।
संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर उझानी में 2026 की नई छात्र संसद ने ली शपथ।
उझानी-बदांयू 17 जुलाई।
संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उझानी में शुक्रवार को छात्र संसद शपथ ग्रहण समारोह उल्लास और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से राजस्व अधिकारी के पद पर चयनित विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम यादव और बहिन निशा यादव रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार उनके साथ मंच पर उपस्थित रहे।
उपप्रधानाचार्य शैलेन्द्र जी ने अतिथियों का परिचय कराया और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि शिवम यादव ने नवगठित छात्र संसद के पदाधिकारियों को संविधान और विद्यालय की मर्यादा की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में न्यायाधीश भैया गौरव, कन्या भारती से बहिन निधि, सेनापति भैया सिद्धार्थ दुबे, कन्या भारती से सेनापति बहिन वंशिका, प्रधानमंत्री भैया सिद्धांत दुबे और कन्या भारती से बहिन तान्या गुप्ता शामिल रहीं।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में मुख्य अतिथि शिवम यादव ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल पद पाना नहीं, बल्कि सेवा और उत्तरदायित्व निभाना है। उन्होंने छात्र सांसदों से ईमानदारी, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने अपने विचारों में कहा कि छात्र संसद विद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों को सीखने का सबसे बड़ा मंच है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय को गौरव दिलाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रामकुमार जी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में भैया-बहिन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

