6:36 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

सहकारी समितियों में मशीनें ठप, किसान ब्लैक में खाद खरीदने को मजबूर

सहकारी समितियों में मशीनें ठप, किसान ब्लैक में खाद खरीदने को मजबूर: भाकियू (अराजनैतिक)

बदायूं, 23 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने आरोप लगाया है कि जनपद की कई किसान सहकारी समितियों में मशीनें बंद होने के कारण किसानों को पिछले लगभग एक सप्ताह से खाद नहीं मिल पा रही है। इससे किसान निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद खरीदने को मजबूर हैं।

भाकियू (अराजनैतिक) के बरेली मंडल सचिव पप्पू प्रधान, जिला अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष सोपाल यादव ने कई सहकारी समितियों का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उनका कहना है कि समितियों पर सचिव मौजूद मिले, लेकिन मशीनें बंद होने के कारण खाद का वितरण नहीं हो सका। वहीं निजी दुकानों पर मशीनें सुचारु रूप से चल रही हैं और किसानों को मनमाने दामों पर डीएपी व यूरिया बेची जा रही है।

किसान नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में डीएपी और यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मशीनें ठीक होने तक सहकारी समितियों के सदस्य किसानों को आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर एआर (सहकारिता) कार्यालय द्वारा सहकारी समितियों में खाद वितरण शुरू नहीं कराया गया, तो एआर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

किसान नेताओं ने खेती-किसानी से जुड़ी खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था को ऑनलाइन प्रणाली से अलग कर किसानों के हित में सरल व्यवस्था लागू करने की भी मांग की।

विज्ञापन एक्सप्रेस