8:43 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज में पुलिस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी बदमाश अजय उर्फ बबलू गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में घायल

बदायूं

दातागंज में पुलिस मुठभेड़: 25 हजार का इनामी बदमाश अजय उर्फ बबलू गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में घायल

केशव गुप्ता

बदायूँ। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दातागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश अजय उर्फ बबलू को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, 20 एटीएम कार्ड और नगदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दातागंज के नेतृत्व में थाना दातागंज पुलिस वांछित अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान समरेर रोड पर चेकिंग के समय पुलिस की इनामी बदमाश अजय उर्फ बबलू से मुठभेड़ हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसमें आरक्षी राहुल गौतम के दाहिने हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश और घायल आरक्षी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सन्नी सैनी के साथ मिलकर 10 मई 2026 को कस्बा दातागंज में एक व्यक्ति को पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया था और उसकी जेब से नकदी व एटीएम कार्ड चोरी कर लिए थे। इस मामले में सन्नी सैनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अजय फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 20 एटीएम कार्ड और 2,400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ बबलू पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.