3:43 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में सुबह 9 बजे से गुल रही बिजली, क्रॉस आर्म टूटने से ठप हुई आपूर्ति

उझानी-बिल्सी लाइन में फॉल्ट, दोपहर 12 बजे तक बहाल होने के आसार, भीषण गर्मी में लोगों को हुई परेशानी।

बिल्सी बदांयू 23 जुलाई।

भीषण गर्मी के बीच गुरुवार सुबह बिल्सी नगर और आसपास के क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। उझानी से आने वाली मुख्य बिजली लाइन में बड़ा फॉल्ट आने से पूरे क्षेत्र की आपूर्ति अचानक बाधित हो गई।

सुबह करीब 9 बजे बिजली जाने के बाद घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कामकाज ठप पड़ गया। ऑफिस, स्कूल और अस्पताल भी प्रभावित हुए।

सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम उझानी-बिल्सी रूट पर फॉल्ट तलाशने में जुट गई। काफी खोजबीन के बाद सिरासोल गांव के पास मुख्य लाइन का क्रॉस आर्म क्षतिग्रस्त मिला। इसी वजह से सप्लाई ठप हो गई थी।

मरम्मत कार्य में जुटे लाइनमैन मंगली राम ने बताया कि क्षतिग्रस्त क्रॉस आर्म को बदला जा रहा है। साथ ही लाइन के आसपास पेड़ों की डालियों की छंटाई भी की जा रही है, क्योंकि ये तारों से टकराकर बार-बार स्पार्किंग और फॉल्ट की वजह बन रही थीं।

बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया, सिरासोल के पास क्रॉस आर्म खराब होने से आपूर्ति बाधित हुई है। टीम मौके पर लगातार मरम्मत में जुटी है। नया क्रॉस आर्म लगने के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे तक बिजली बहाल कर दी जाएगी।

भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे, कूलर बंद हो गए। इन्वर्टर भी कुछ ही देर में जवाब दे गए। व्यापारियों का कहना है कि इस कटौती से उनका काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

उपभोक्ताओं ने जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं विभाग ने आश्वासन दिया है कि मरम्मत कार्य तेजी से पूरा कर जल्द राहत दी जाएगी।

बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत कार्य के दौरान धैर्य रखें। भविष्य में ऐसे फॉल्ट से बचने के लिए लाइन के पास पेड़ों की कटाई भी की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस