बदायूं
मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला ने विषाक्त पदार्थ खाया, उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। कस्बे के वार्ड संख्या 11 निवासी 60 वर्षीय कटोरी देवी, पत्नी श्यामपाल, ने बुधवार सुबह घर में किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलापुर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्वास्थ्य में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान कटोरी देवी ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com