1:29 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बारिश से बेहाल नगर, जलनिगम की खोदी सड़कों पर फिसलन से लोग परेशान।

बदायूं

उझानी में बारिश से बेहाल नगर, जलनिगम की खोदी सड़कों पर फिसलन से लोग परेशान।

उझानी-बदांयू 20 जुलाई।

उझानी में सोमवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्थाओं की कमी को एक बार फिर उजागर कर दिया है। नगर के कई मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण पंखा रोड, लिंक रोड, मोहल्ला साहूकारा और बाजार कलां सहित प्रमुख बाजारों में जलनिगम द्वारा पाइपलाइन कार्य के लिए खोदी गई सड़कें जस की तस छोड़ दी गई हैं। मिट्टी के गीला होने से इन जगहों पर कीचड़ और रपटन की स्थिति बन गई है। राहगीरों के फिसलकर गिरने के मामले बढ़ गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।

बारिश के कारण कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है। पानी के साथ कीचड़ फैल जाने से पैदल चलने वाले और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी से उठ रही बदबू ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

नगर की पहले से जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों पर बारिश का पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालक भी ठोकर खाने और फिसलने को मजबूर हैं। कई जगहों पर लोगों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। लोगों ने नगर पालिका और जलनिगम से मांग की है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, नालियों की नियमित सफाई कराई जाए, खोदी गई सड़कों को तुरंत दुरुस्त कराया जाए और टूटी सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए।

नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि बारिश के दौरान दुर्घटनाओं से बचाव के लिए फिसलन वाले स्थानों पर चेतावनी के संकेत लगाए जाएं और जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.