बदायूं
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों संग की व्यापक समीक्षा बैठक
केशव गुप्ता
बदायूँ। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं, पार्किंग, डायवर्जन व्यवस्था, विश्राम स्थलों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह सहित जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com