बदायूं
25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, डकैती के रुपये और हथियार बरामद; सिपाही भी घायल
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद के थाना इस्लामनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रुदायन में भर्ती कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में थाना इस्लामनगर पुलिस व एसओजी टीम बिल्सी-इस्लामनगर मार्ग पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान पुत्र पुत्तन, निवासी डभौरा थाना गढ़िया रंगीन जनपद शाहजहांपुर (हाल पता- क्योलड़िया, बरेली) पुलिस मुठभेड़ में दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, डकैती की घटना से संबंधित 11,220 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 16/17 मई 2026 की रात ग्राम सुंदरनगर में हुई डकैती के मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर बक्सा और जेवरात लूटने तथा महिला को तमंचा दिखाकर उसकी चेन छीनने की वारदात स्वीकार की। उसने बताया कि लूट के माल को साथियों में बांट लिया गया था और उसके हिस्से का सामान बेचकर मिले रुपये लेकर वह अपने वकील के पास कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जनपदों के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में एक दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

