बदायूं। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों और उनके परिजनो के लिए चलाई जा रही “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” का जनपद स्तरीय भव्य शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेई सभागार में हुआ तथा आगरा विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए मुख्य शुभारंभ समारोह का सचिव प्रसारण किया गया।
आगरा विश्वविद्यालय में हुए मुख्य समारोह के समानांतर उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में भी शुभारंभ समारोह हुआ जिसके अंतर्गत बदायूं जिले में कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सरकारी सहायता प्राप्त एवं स्व-वित्तपोषित अशासकीय महाविद्यालयों के प्राध्यापक- प्राध्यापिकाओं को सम्मानित कर कैशलेस कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय विभाग के राज्य मंत्री मा. बी.एल. वर्मा रहे। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए योजना के उद्देश्यों तथा लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शिक्षकों के हित में चलाई जा रही पहलों का भी उल्लेख किया और उपस्थित गणमान्यजनों को योजनाओं से अवगत कराया।
विशिष्ट अतिथियों में नगर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य तथा दातागंज विधायक के प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया। अतिथियों का स्वागत अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), जिला विकास अधिकारी तथा राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता एवं उप-प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने शाल ओढ़ा कर एवं बुके देकर किया।
समारोह के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के कई प्राचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में गोविंद बल्लभ पंत डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फैज़ान अहमद, शिक्षक डॉ. अमित पांडे, डॉ. सुमित सिंह, सोनू कुमार मिश्रा, दास कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कोहली, डॉ मुन्ना वरुण, डॉ. मनवीर सिंह, डॉ. शिवराज सिंह, डॉ. सत्यम मिश्रा, डॉ. रवि भूषण पाठक, डॉ. अर्चना, बीआईएमटी के प्राचार्य डॉ. अरविंद गुप्ता, सौरभ सक्सेना, कुश कुमार, गिनदो देवी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. इन्दू शर्मा, डॉ. सरला देवी, डॉ. प्रीति वर्मा, डॉ. अवनीशा वर्मा, डॉ. शिल्पी तोमर, डॉ. इति अधिकारी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि बी.एल. वर्मा ने बताया कि इस कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों तथा उनके परिजनों को चिकित्सकीय उपचार में प्रति वर्ष पॉच लाख रुपए तक निशुल्क सेवा के साथ ही डेढ़ करोड़ रुपए की बीमा राशि भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरन्तर काम कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह के रूप में अयोध्या में विराजमान श्रीरामलला की प्रतिमा भेंट की। कार्यक्रम की संयोजक और राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने सभी अतिथियों, समस्त शिक्षकीय समुदाय और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में भारी संख्या में शिक्षकगण, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स तथा एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
