9:14 pm Friday , 24 July 2026
BREAKING NEWS

बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अटैना पुल व संवेदनशील बाढ़ क्षेत्रों का किया निरीक्षण

बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अटैना पुल व संवेदनशील बाढ़ क्षेत्रों का किया निरीक्षण

बदायूं। जनपद में गंगा एवं रामगंगा नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने शुक्रवार को दातागंज तहसील क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी दातागंज तथा बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ गंगा नदी पर स्थित अटैना पुल के समीप संवेदनशील क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने रामगंगा नदी के किनारे बसे ग्राम गोटिया पहुंचकर जलभराव, कटाव की स्थिति और बाढ़ से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी बनाए रखने, बाढ़ से बचाव के सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत सामग्री, बचाव दल और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी दातागंज, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस