7:03 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों के खिलाफ गरजे भाकियू (टिकैत) नेता राजेश सक्सेना

भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों के खिलाफ गरजे भाकियू (टिकैत) नेता राजेश सक्सेना, आंदोलन की चेतावनी

बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने शहर स्थित मालवीय आवास गृह धरना स्थल पर पहुंचकर बिसौली एवं सदर तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने तालाबों पर अवैध कब्जे और किसानों से कथित रिश्वतखोरी के मामलों को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

बगरैन के तालाबों की पैमाइश में लापरवाही का आरोप

राजेश सक्सेना ने तहसील बिसौली के ग्राम बगरैन का मामला उठाते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा गठित टीम आधुनिक मशीनें उपलब्ध होने के बावजूद मौके पर पैमाइश करने नहीं पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि गांव में 96 बीघा भूमि की पैमाइश तथा 154 बीघा ग्रामसभा तालाब का पूरा रकबा चिन्हित किया जाना बाकी है। उनका आरोप है कि तालाब की प्रकृति बदलने के कारण वहां अवैध निर्माण हो चुके हैं और कई बीघा भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने दोनों तालाबों से अवैध कब्जा हटाने की मांग की।

लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप

उन्होंने सदर तहसील के ग्राम मोहम्मदपुर बिहार का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि एक किसान से मक्का फसल के सत्यापन के लिए संबंधित लेखपाल ने 500 रुपये रिश्वत की मांग की। किसान द्वारा रिश्वत न देने पर अब तक सत्यापन नहीं किया गया, जिससे वह अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

राजेश कुमार सक्सेना ने दोनों मामलों को लेकर सदर एसडीएम को शिकायती ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई और तालाबों से अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस