बदायूं
गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर लूटकांड का 12 घंटे में खुलासा, दो लुटेरे गिरफ्तार, लूटा गया वाहन बरामद
केशव गुप्ता
बदायूँ। गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर चालक से लूट की सनसनीखेज वारदात का बदायूँ पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया कैन्टर बरामद कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य पांच आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम मैरी मजर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर बिहार से आ रहे कैन्टर संख्या UP37BT3121 को बोलेरो सवार 3-4 बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने चालक और हेल्पर के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए और कैन्टर लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद दोनों को जंगल में छोड़ दिया गया।
पीड़ित चालक जराफत पुत्र शफीक, निवासी आरिफपुर, थाना बाबूगढ़ (जनपद हापुड़) की तहरीर पर थाना मूसाझाग में मु0अ0सं0 137/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
थाना मूसाझाग पुलिस ने जनपद रामपुर की थाना गंज पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए हसीन पुत्र अनीस कुरैशी निवासी तालकपुर, थाना भोट (रामपुर) तथा हारून पुत्र इस्तयाक निवासी अहेरीपुर, थाना बकेवर (इटावा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया कैन्टर भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि इस वारदात में अन्नू पुत्र लूकमान, भूरे, मुकुल, गुड्डू निवासी अहेरीपुर थाना बकेवर (इटावा) तथा आरिस पुत्र हसीन निवासी तालकपुर थाना भोट (रामपुर) भी शामिल थे। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी हसीन के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं हारून के आपराधिक इतिहास की भी अन्य जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।
इस पूरे ऑपरेशन को थाना मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। बदायूँ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा होने पर पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
