6:14 pm Tuesday , 28 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं – गंगा के बढ़ते जलस्तर से तटीय गांवों में चिंता

सावन से पहले प्रशासन ने घाटों पर बढ़ाई सुरक्षा, बैराजों से भी जारी है पानी का डिस्चार्ज।

बदायूं, 28 जुलाई।

गंगा के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव और मामूली बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। इससे तटीय इलाकों के ग्रामीणों में बाढ़ की हल्की आहट को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि अभी किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति नहीं है, फिर भी लोग एहतियात के तौर पर सतर्क हो गए हैं।

सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को बदायूं क्षेत्र में गंगा का जलस्तर 161.91 मीटर था। पिछले 24 घंटों में 4 सेंटीमीटर बढ़कर यह मंगलवार को 161.95 मीटर पर पहुंच गया।
पिछले दिनों बारिश थमने से जलस्तर स्थिर हो गया था, लेकिन आज दोबारा बारिश शुरू होने से आने वाले दिनों में पानी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए सिंचाई विभाग की टीमें तैनात हैं। कच्चे बांधों की निरंतर निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी स्थान पर कटाव न हो और गांवों में जलभराव की स्थिति न बने।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल बाढ़ जैसी कोई बड़ी समस्या नहीं है। लेकिन जैसे-जैसे गंगा का पानी धीरे-धीरे बढ़ रहा है, आपदा का खतरा मंडराने लगता है। इसी आशंका से ग्रामीण अभी से अपने स्तर पर जरूरी प्रबंध करने लगे हैं।

महज दो दिन बाद पवित्र सावन मास शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में शिव भक्त और कांवड़िये गंगा स्नान करने तथा कांवड़ में जल भरने के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

बैराजों से पानी का प्रवाह

– हरिद्वार बैराज से: 66,226 क्यूसेक
– बिजनौर बैराज से: 49,988 क्यूसेक
– नरौरा बैराज से: 53,211 क्यूसेक।

विज्ञापन एक्सप्रेस