2:11 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी रेलवे फाटक के पास नाले की गंदगी से त्रस्त जनता, बारिश में सड़क बन जाती है दलदल

उझानी-बदांयू 27 जुलाई ।

उझानी रेलवे फाटक के पास से गुजरने वाला नगर पालिका का नाला इन दिनों कचरे का ढेर बन गया है। नाले में पॉलिथीन, गंदगी और कूड़ा कचरा भरा पड़ा है, जिससे उठने वाली बदबू से नई बस्ती के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की सी बारिश होते ही पूरे शहर का गंदा पानी इसी नाले से होकर बहता है और ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल जाता है। नतीजा ये कि सड़क पर कीचड़ और गंदगी का अंबार लग जाता है, पैदल चलना तो दूर, दो पहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो जाता है।

शिकायत की सुनवाई नहीं।

आसपास दुकान चलाने वाले उमेश यादव, रामेश्वर, सुनील कुमार और अन्य दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका में शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

दुकानदारों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर पालिका को तुरंत निर्देश देकर नाले की सफाई कराई जाए। उनका कहना है, “भीषण गर्मी में इस गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। समय रहते सफाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ जाएंगे।

मामले को लेकर नगर पालिका के ईओ मणी सैनी से बात की गई तो उन्होंने कहा, “कर्मचारियों को मौके पर भेजकर नाले की जल्द सफाई कराई जाएगी। किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

अब देखना होगा कि ईओ का ये आश्वासन कब जमीनी हकीकत बनता है, या नई बस्ती के लोगों को बदबू और गंदगी के बीच ऐसे ही दिन गुजारने पड़ेंगे।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस